
राजनांदगांव। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने समाज के प्रतिनिधियों से शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर, एसडीएम श्री गौतम पाटिल, नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो तथा उप पुलिस अधीक्षक श्री के.पी. मरकाम सहित मुस्लिम समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, जुलूस मार्ग, यातायात प्रबंधन और कानून व्यवस्था से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। साथ ही छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड द्वारा जारी निर्देशों से अवगत कराते हुए बताया गया कि मुहर्रम के दौरान डीजे, धुमाल, बैंड-बाजा, नाच-गाना एवं आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वक्फ बोर्ड के निर्देशानुसार शेर या अन्य किसी प्रकार का स्वांग धारण कर नृत्य, प्रदर्शन तथा अन्य गैर-पारंपरिक गतिविधियां भी प्रतिबंधित रहेंगी। समाज के प्रतिनिधियों से इन नियमों का पालन सुनिश्चित कराने का आग्रह किया गया।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि शहर में सार्वजनिक घोषणा कर लोगों को शेर या अन्य स्वांग धारण नहीं करने की समझाइश दी जाएगी। समाज के प्रतिनिधियों ने भी स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति ऐसे प्रतिबंधित कृत्य करता है तो उसकी जिम्मेदारी समाज की नहीं होगी।
प्रशासन ने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं समितियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिलेवासियों से अफवाहों से दूर रहने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।










































