back to top

राजनांदगांव: महिला दुकानदार से अभद्रता और मारपीट के आरोप में दो युवक गिरफ्तार, भेजे गए जेल…


राजनांदगांव। इंदिरा नगर क्षेत्र में महिला दुकानदार और उसकी बहन के साथ गाली-गलौज, मारपीट तथा धमकी देने के मामले में बसंतपुर पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

Advertisements


प्रार्थिया ने थाना बसंतपुर में शिकायत दर्ज कराई कि 11 जून की शाम करीब 4:30 बजे वह शिव मंदिर के सामने स्थित अपनी समोसा दुकान में छोटी बहन के साथ काम कर रही थी। इसी दौरान इंदिरा नगर निवासी मोनू यादव उर्फ भांगड़ा (19 वर्ष) और राज वर्मा (21 वर्ष) वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों युवकों ने शराब के नशे में महिला और उसकी बहन के साथ अश्लील गाली-गलौज की। विरोध करने पर उन्होंने दुकान का सामान फेंक दिया तथा महिला के साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।


शिकायत के आधार पर थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 279/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस के अनुसार बाद में आरोपी शिकायतकर्ता से पुनः विवाद करने लगे, जिससे क्षेत्र में शांति भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर एसडीएम न्यायालय राजनांदगांव में पेश किया गया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद दोनों आरोपियों को जिला जेल भेज दिया गया।

Advertisements

You cannot copy content of this page