राजनांदगांव : यातायात पुलिस का सख्त अभियान जारी, 7 दिनों में 366 वाहनों पर कार्रवाई, ₹1.29 लाख का जुर्माना वसूला…

राजनांदगांव। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए राजनांदगांव यातायात पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पिछले सात दिनों के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 366 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 1 लाख 29 हजार 100 रुपये का शमन शुल्क वसूला गया।

पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरतन कश्यप के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत नो पार्किंग में खड़े 225 वाहनों पर कार्रवाई की गई, जबकि अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 141 वाहनों के खिलाफ भी मोटरयान अधिनियम के तहत चालान काटे गए।

यातायात पुलिस के अनुसार लगातार कार्रवाई का सकारात्मक असर शहर में दिखाई देने लगा है। बाजार क्षेत्रों में वाहन चालक अब अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर सफेद पट्टी के भीतर खड़े कर रहे हैं, जिससे अव्यवस्थित पार्किंग में कमी आई है और यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा सभी यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।