back to top

राजनांदगांव : यातायात पुलिस विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन…

राजनांदगांव – राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत राजनांदगांव यातायात पुलिस विभाग द्वारा आज सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन किया गया। इस आयोजन का शुभारंभ राजनांदगांव के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने किया, वहीं अतिथि के रूप में नगर निगम के उपायुक्त सुदेश कुमार सिंह भी उपस्थित थे। इस दौरान यातायात जागरूकता के लिए प्रदर्शनी भी लगाई गई है। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह का आयोजन 11 से 17 जनवरी तक किया जा रहा है।

Advertisements


इस अवसर पर राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक ने सडक सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ करते हुए हेलमेट जागरूकता के लिए पुलिस जवानों की मोटरसाइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर यातायात पुलिस विभाग कार्यालय परिसर में यातायात जागरूकता से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई है।राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह को लेकर राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से यातायात की बारीकियों को बताया जा रहा है। वहीं हेलमेट जागरूकता के लिए रैली भी निकाली गई है।

पुलिस विभाग द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह में यातायात की विभिन्न बारीकियों से लोगों को अवगत कराया जा रहा है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी भी शामिल हुए और यातायात की बारीकियों को समझा।


यातायात सड़क सुरक्षा सप्ताह के इस आयोजन में यातायात संकेतों के बारे में विस्तार से बताया गया है। वहीं इस अवसर पर बीते 1 वर्ष में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े भी पेश किए गए, जिसमें 717 वाहन दुर्घटना के मामले होना बताया गया और इन दुर्घटना में 315 लोगों की मौत सहित 695 लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई। इस आंकड़ों से यह साबित होता है कि यातायात को लेकर चिंतन की जरूरत होने के साथ ही यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता भी है। इस सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत अलग-अलग दिन सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न आयोजन भी किए जाएंगे। यातायात सड़क सुरक्षा सप्ताह के इस आयोजन में स्कूली छात्र -छात्राओं और गणमान्य नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page