back to top

राजनांदगांव : राजनांदगांव के पुराने जिला अस्पताल में लोगों को पूर्ववत मिलती रहेगी चिकित्सा सुविधा….

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महापौर के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल को किया आश्वस्त

पेंड्री के नये भवन में शीघ्र शिफ्ट होगा भारत रत्न स्व. श्री अटल बिहारी बाजपेयी स्मृति शासकीय मेडिकल कॉलेज

राजनांदगांव, 6 जुलाई 2021/ मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने कहा है कि राजनांदगांव के बसंतपुर में स्थित पुराने जिला अस्पताल में शहर के लोगों को चिकित्सा-लाभ पूर्ववत मिलता रहेगा। इसके साथ ही पेंड्री में नये भवन में स्थानांतरित हो रहे मेडिकल कॉलेज में भी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।


श्री बघेल ने राजनांदगांव की महापौर श्रीमती हेमा सुदेश देशमुख के नेतृत्व में मुलाकात करने आए एक प्रतिनिधिमंडल से यह बात कही। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री बघेल से आग्रह किया था कि राजनांदगांव जिला चिकित्सालय शहर के मध्य में स्थित है और आम लोगों के स्वास्थ्य की दृष्टि से बहुत उपयोगी है, इसलिए इसे नये मेडिकल कॉलेज भवन में स्थानांतरित न किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया था कि पेंड्री स्थित नये भवन में स्थानांतरित हो रहे मेडिकल कॉलेज के साथ जिला चिकित्सालय के भी अधिकांश मेडिकल स्टाफ एवं उपकरणों को नये भवन में ले जाने की प्रक्रिया चल रही है।

प्रतिनिधिमंडल ने इस प्रक्रिया को रोकने की मांग मुख्यमंत्री बघेल से की थी। प्रतिनिधिमंडल में पदम कोठारी, कुलबीर छाबड़ा, नवाज खान और आसिफ अली भी शामिल थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page