back to top

राजनांदगांव : राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के तहत भूमिहीन मजदूरों को करें लाभान्वित – कलेक्टर…

राजनांदगांव 09 नवम्बर 2021। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में शासन के फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने तथा आम नागरिकों के समस्याओं को सुनकर निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि सभी विभागों को शासन की फ्लैगशिप योजनाओं के तहत लक्ष्य प्राप्त हुए हैं। सभी अधिकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं। शासन की इन योजनाओं का लाभ जनसामान्य को मिलना चाहिए। जनसामान्य की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण करें।

Advertisements

उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के तहत सभी भूमिहीन मजदूरों को लाभ मिलना चाहिए। ग्रामों में अभियान चलाकर पटवारी डोर-टू-डोर सर्वे कर 30 नवम्बर के पहले आवेदनों का संकलन कर एन्ट्री करना सुनिश्चित करें। सभी एसडीएम इसकी मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि फसल कटाई प्रयोग कार्य किया जा रहा है। इसके आधार पर फसल की राशि का भुगतान किया जाता है। सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं कृषि विभाग के अधिकारी फिल्ड में जाकर कार्यों का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि 1 दिसम्बर से धान खरीदी प्रारंभ होगी। सभी धान खरीदी केन्द्रों में तैयारी सुनिश्चित करें। जिन धान खरीदी केन्द्रों में शेड का निर्माण किया जा रहा है, वहां 1 दिसम्बर से पहले निर्माण कार्य पूरा होना चाहिए। शेड का निर्माण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सोमवार सेे कलेक्टर जनदर्शन प्रारंभ किया गया है। प्रत्येक सोमवार को जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ढाई साल से एक ही हल्का में पदस्थ पटवारियों एवं राजस्व निरीक्षकों को दूसरे हल्का में स्थानांतरित किया गया है।

कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि स्वास्थ्य केन्द्र साल्हेवारा में डॉक्टर की नियुक्ति की गई है। डॉक्टर की उपलब्धता से जनसामान्य को तत्काल स्वास्थ्य की सुविधा मिलेगी। उन्होंने अस्पताल भवन निर्माण और जीर्णोद्धार भवन के कार्यों की समीक्षा करते हुए सीजीएमएससी को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मोहला, मानपुर और छुईखदान में सुपोषण अभियान चलाया जा रहा है। वहां लगातार मॉनिटरिंग करें। बच्चों एवं महिलाओं की मेडिकल जांच होनी चाहिए। एनीमिक महिला और बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने के लिए अतिरिक्त पोषण आहार भी दिया जा रहा है। अतिगंभीर कुपोषित बच्चों को एनआरसी में रिफर करें।

मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लीनिक योजना के अंतर्गत छुईखदान, मानपुर, गंडई, अंबागढ़ चौकी में अतिरिक्त मेडिकल यूनिट वाहन उपलब्ध कराई गई है। सभी स्थानों पर जनसामान्य को स्वास्थ्य की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने कोविड टीकाकरण की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में लगभग साढ़े 16 लाख लोगों ने टीका लगा लिया है। बचे हुए नागरिकों का टीका लगाना सुनिश्चित करें।

जनपद सीईओ, बीएमओ टीकाकरण के लिए आपसी समन्वय कर कार्य करें और नागरिकों को जागरूक करें। स्वास्थ्य विभाग की टीम डोर-टू-डोर टीका लगाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की सैम्पलिंग कार्य लगातार होनी चाहिए। लक्ष्य के अनुरूप प्रतिदिन सैम्पलिंग लें। भीड़ वाले स्थानों, बाजारों, कार्यालयों में सैम्पलिंग लिया जाए।

कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि जिला स्तर पर युवा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विकासखंड स्तर पर खेल-कूद का आयोजन होगा। इसके साथ ही स्थानीय लोक, साहित्य, कला संबंधित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने युवा उत्सव की तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सस्ती दवाई योजना के अंतर्गत संचालित सभी दुकाने लगातार चलनी चाहिए। आम नागरिकों सस्ती दवा योजना से लाभान्वित हो यह सुनिश्चित करेँ।

उन्होंने नरवा योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन स्थानों पर नरवा सुधार कार्य हुए हैं वहां सर्वे किया जाए। जिससे पिछले वर्ष और इस वर्ष ग्राउंड वाटर लेबल में अंतर की जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि 1 नवम्बर से पुनरीक्षण कार्य प्रारंभ किया गया है। 14 एवं 21 नवम्बर को विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। मतदाता जागरूक होकर मतदाता सूची में नाम जोडऩे और सुधार कार्य करें।
जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने कहा कि आयुष्मान कार्ड बनाने की तिथि बढ़ाई गई है। सभी नागरिक अपना आयुष्मान कार्ड जरूर बनाएं, पंचायतों में इसके लिए मुनादी कराई जाए।

उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में मनरेगा के तहत कार्य प्रारंभ किया जाए। अधिक से अधिक श्रमिकों को मनरेगा के तहत कार्य दिया जाए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम अरूण कुमार वर्मा सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान सभी एसडीएम, जनपद सीईओ वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्मय से जुड़े रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page