back to top

राजनांदगांव : राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 10 फरवरी को…

DEMO PHOTO

जिले के 3 लाख 94 हजार 516 बच्चों को कराया जाएगा कृमि नाशक दवा का सेवन

Advertisements

राजनांदगांव 08 फरवरी 2023। कलेक्टर श्री डोमन सिंह के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर 10 फरवरी को जिले के सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों, शासकीय विद्यालयों व शासकीय अनुदान प्राप्त प्राप्त शालाओं, केन्द्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों, मदरसों, निजी स्कूलों, महाविद्यालयों एवं तकनीकी शिक्षा संस्थानों के माध्यम से 1 से 19 वर्षीय बालक-बालिकाओं को कृमि नाशक दवा एलबेंडाजॉल 400 मिग्रा का सेवन कराया जाएगा।

छूटे हुए बच्चों को मॉपअॅप दिवस 15 फरवरी को कृमि नाशक दवा एलबेंडाजॉल का सेवन कराया जाएगा। कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने जिले सभी पालकों से अपने बच्चों को स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से एलबेन्डाजॉल का सेवन अनिवार्य रूप से कराने की अपील की है। जिससे बच्चों में कृमि संक्रमण चक्र को रोका जा सके और समुदाय में कृमि संक्रमण की दर कम हो सके।


मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक बसोड ने बताया कि कृमि संक्रमण के हानिकारक प्रभाव से खून की कमी एनीमिया, कुपोषण, भूख न लगना, जी मिचलना, उल्टी और दस्त लगना तथा वजन में कमी आना है। एलबेंडाजॉल के सेवन से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण का स्तर, एनिमिया की रोकथाम, बौद्धिक विकास, औसत आयु में वृद्धि तथा शाला में उपस्थिति में सुधार होती है एवं समुदाय में कृमि संक्रमण की दर में कमी आती है। कृमि संक्रमण की रोकथाम के लिए खाने के पहले एवं शौच के बाद हाथों को साबुन से धोवे, फल एवं सब्जियां धोकर उपयोग करें, नाखून कटे हुए रखें, बच्चों को नंगे पांव न घूमने दें, साथ ही खुले में शौच न करें।

नोडल अधिकारी डॉ. बीएल तुलावी ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग तथा महिला बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयास से जिले के कुल 3 लाख 94 हजार 516 बच्चों को कृमि नाशक दवा का सेवन कराया जाएगा। एलबेन्डाजॉल 400 मिग्रा की दवा 1-2 वर्ष के आयुवर्ग वाले बच्चों को आधी गोली चुराकर तथा 2-3 आयुवर्ग के बच्चों को 1 गोली चुराकर तथा 3-19 वर्ष के आयुवर्ग के बच्चों को 1 गोली चबाकर साफ पानी के साथ सेवन कराया जाएगा।

Advertisements

You cannot copy content of this page