राजनांदगांव : राष्ट्रीय खेल महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ 31 जुलाई से राजनांदगांव में…

राजनांदगांव, 31 जुलाई 2025। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय द्वारा आयोजित राष्ट्रीय खेल महोत्सव 2025 का आयोजन इस वर्ष मध्य क्षेत्र संभाग क्र. 02 के अंतर्गत राजनांदगांव में किया जा रहा है। इस दो दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ 31 जुलाई को प्रातः 10 बजे अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, गौरव पथ, राजनांदगांव में हुआ, जबकि समापन समारोह 1 अगस्त को संध्या 4 बजे आयोजित होगा।

इस आयोजन में राजनांदगांव, महासमुंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद, धमतरी, गरियाबंद सहित कुल सात जिलों के प्रतिभागी छात्र-छात्राएँ भाग ले रहे हैं।

खेल स्पर्धाएँ शहर के विभिन्न स्थलों पर आयोजित की जा रही हैं, जिनमें एम. दिव्यांशु स्टेडियम, अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, स्टेट हाई स्कूल, गायत्री स्कूल, कमला कॉलेज, बजरंगपुर स्टेडियम एवं नूतनगढ़ अखाड़ा शामिल हैं।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, चेस, जिमनास्टिक, जुडो, टेनिस, शूटिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, वेटलिफ्टिंग, फ्री स्टाइल कुश्ती व योगा जैसे खेलों का आयोजन हो रहा है।

वहीं, टीम स्पर्धाओं में बास्केटबॉल, फुटबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी, खो-खो व वॉलीबॉल जैसे खेलों में जिले भर के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस खेल महोत्सव का उद्देश्य छात्रों में खेल भावना, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धा के साथ नेतृत्व क्षमता का विकास करना है।

आयोजन के प्रमुख आयोजक जिला प्रशासन, जिला स्तरीय आदिम जाति कल्याण, आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति, जिला-राजनांदगांव (छ.ग.) हैं।

खेल प्रेमियों एवं अभिभावकों से आह्वान किया गया है कि वे इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।