
राजनांदगांव में शांति व्यवस्था भंग करने वाले एक आदतन आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरों के पर्यवेक्षण में जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि राहुल नगर लखोली निवासी मनीष मरकाम आम लोगों के साथ लड़ाई-झगड़ा कर शांति व्यवस्था भंग कर रहा है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने शिकायतकर्ता को देख लेने की धमकी देते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस और आसपास मौजूद लोगों की समझाइश के बावजूद वह नहीं माना और मारपीट पर उतारू हो गया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद उसे कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मनीष मरकाम आदतन आरोपी है और उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।









































