
राजनांदगांव। थाना सिटी कोतवाली राजनांदगांव पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग करने वाले एक आदतन आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 21 जून की रात रेलवे स्टेशन के पास आम लोगों से विवाद और हंगामा करने की सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम ने शेरा कश्यप (29 वर्ष) निवासी दीनदयाल आवास, चिखली को हिरासत में लेकर थाना कोतवाली लाया था।
अगले दिन 22 जून को उसकी बहन को थाने बुलाकर समझाइश देने का प्रयास किया गया, लेकिन आरोपी काफी आक्रोशित हो गया। पुलिस के अनुसार वह मारपीट और जान से मारने की धमकी देने लगा तथा जोर-जोर से चिल्लाकर शांति व्यवस्था भंग करने की स्थिति उत्पन्न करने लगा।
स्थिति को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तारी की कार्रवाई की तथा धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक प्रकरण दर्ज कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि शेरा कश्यप एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ चोरी, मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट, आबकारी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा उसके विरुद्ध पूर्व में भी कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरो के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में की गई।









































