
राजनांदगांव। थाना लालबाग पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 43 पौवा अवैध शराब, बिक्री रकम और एक स्कूटी सहित कुल 73 हजार 580 रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के मार्गदर्शन में जिले में अवैध शराब बिक्री और अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में थाना प्रभारी रमेश पटेल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आदिवासी समाज भवन रेवाडीह के पास छापेमार कार्रवाई की। मौके पर आरोपी दीपचंद साहू (26 वर्ष), निवासी ग्राम कोटरासरार, थाना लालबाग को अवैध शराब के साथ पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 31 पौवा देशी प्लेन शराब और महाराष्ट्र निर्मित 12 पौवा देशी संत्री शराब, कुल 43 पौवा (7.740 बल्क लीटर) शराब बरामद की गई। इसके अलावा 150 रुपये बिक्री रकम तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त एक स्कूटी वाहन भी जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 73 हजार 580 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज हैं।
गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व भी लालबाग पुलिस ने दो आरोपियों से 29 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त कर कार्रवाई की थी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।










































