back to top

राजनांदगांव: लंबित अपराधों और विवेचना की आईजी ने की समीक्षा, लापरवाही पर होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई…

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रेंज के पुलिस अधिकारियों की बैठक, समयबद्ध कार्रवाई के दिए निर्देश

राजनांदगांव, 27 अक्टूबर 2026। पुलिस महानिरीक्षक रेंज राजनांदगांव अजय कुमार यादव ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेंज के विभिन्न जिलों के नगर पुलिस अधीक्षकों एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।

बैठक में लंबित अपराध, चालान, मर्ग, गुम इंसान, सदरी शिकायत सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं विभागीय कार्यों की अनुभागवार समीक्षा की गई।

बैठक में आईजी अजय कुमार यादव ने विवेचना की गुणवत्ता में सुधार लाने और पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करने, शिकायतों पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने और कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।

आईजी ने कहा कि अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की शिकायतों के निराकरण में पुलिस की कार्यप्रणाली प्रभावी होनी चाहिए। लंबित मामलों के निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव कीर्तन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कबीरधाम हेमसागर सिदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खैरागढ़-छुईखदान-गंडई रूपेश कुमार दाण्डे सहित राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एवं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिलों के पुलिस अनुविभागीय अधिकारी शामिल हुए।

पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती गीता वाधवानी एवं उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती नवी मोनिका पांडे भी उपस्थित रहीं।