back to top

राजनांदगांव: वार्डों की समस्याओं को लेकर चक्काजाम की चेतावनी, नागरिकों ने बैठक में लिया आंदोलन का निर्णय…

राजनांदगांव। ओवरब्रिज से ढाबा वार्ड रोड तथा संजीवनी हॉस्पिटल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड क्रमांक 4, 5 और 6 में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर वार्डवासियों, व्यापारियों एवं सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने बैठक आयोजित कर आंदोलन की रणनीति तैयार की।

Advertisements

बैठक में समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर उग्र प्रदर्शन एवं चक्काजाम करने का निर्णय लिया गया।

नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में अंडरब्रिज की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। ओवरब्रिज पर डिवाइडर निर्माण तथा संबंधित टेंडर प्रक्रिया से जुड़े PWD अधिकारियों की मौके पर उपस्थिति की मांग भी की जा रही है।

इसके अलावा वार्डों में जगह-जगह कचरा जमा होने, जलभराव और पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने की शिकायतें सामने आई हैं।

बैठक में स्ट्रीट लाइटों की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। नागरिकों के अनुसार कई मोहल्लों, कॉलोनियों और मुख्य मार्गों की स्ट्रीट लाइटें बंद हैं। वहीं दीनदयाल कॉलोनी से ढाबा रोड तथा संजीवनी हॉस्पिटल से गणपति मेडिकल के आसपास सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटना का कारण बन रहे हैं।

नागरिकों ने बताया कि चिखली चौक क्षेत्र में पूर्व में गंभीर हादसे भी हो चुके हैं, बावजूद इसके समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।

वहीं नागरिकों ने बिजली के बढ़े हुए बिलों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि कई उपभोक्ताओं को चार गुना तक बिजली बिल आने की शिकायत है। अधिकारियों से चर्चा कर समस्या का समाधान कराने की मांग के बावजूद अब तक संतोषजनक पहल नहीं हुई है।

बैठक में वार्ड जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली को लेकर भी नागरिकों ने नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए उन्हें लगातार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। नागरिकों ने वार्डों की मूलभूत समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता के प्रति जवाबदेह होना चाहिए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी दिन उच्चाधिकारियों को चक्काजाम एवं विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान की दिशा में कार्य शुरू नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन एवं पुतला दहन किया जाएगा।

नागरिकों ने महापौर से भी मांग की है कि वार्डों की समस्याओं की सीधे निगरानी कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में वार्डवासियों के साथ व्यापारियों, युवाओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों से आंदोलन में शामिल होकर अपनी समस्याएं प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखने का आह्वान किया गया।

आंदोलन की तिथि एवं समय की जानकारी आगामी सूचना के माध्यम से दिए जाने की बात कही गई है। नागरिकों ने कहा कि उनका उद्देश्य क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान कराना है और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपेक्षा है।

Advertisements

You cannot copy content of this page