back to top

राजनांदगांव: शराब के लिए पैसे मांगकर युवक से मारपीट, लालबाग पुलिस ने एक आरोपी समेत तीन को पकड़ा…

राजनांदगांव। ग्राम रेवाडीह स्थित शराब भट्टी के पास एक युवक से शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांगकर मारपीट करने के मामले में लालबाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

Advertisements

पुलिस के अनुसार ग्राम किरगी (ब) निवासी धनलाल साहू ने थाना लालबाग में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 मई 2026 की रात करीब 8 बजे वह रेवाडीह स्थित पुराने शराब भट्टी के पास था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके सिर, नाक और हाथ में चोटें आईं।

शिकायत के आधार पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 227/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में थाना लालबाग पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी मिथलेश ओटी (21 वर्ष), निवासी रेवाडीह तथा दो विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान की।

पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और घटना में प्रयुक्त स्टील का एक कड़ा बरामद कर जप्त किया। इसके बाद आरोपी एवं दोनों बालकों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल, सहायक उप निरीक्षक अश्वनी यदु, आरक्षक राकेश धुर्वे एवं कमल किशोर यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले की आगे की विवेचना जारी है।

Advertisements

You cannot copy content of this page