राजनांदगांव। शहर में अब फ्लाइओवर के नीचे सब्जी का पसरा लगेगा। इसको लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। शुक्रवार को निगम ने फ्लाईओवर के नीचे पसरा लगाने के लिए मार्किंग भी की है। फ्लाइओवर के नीचे महावीर चौक से भगत सिंह चौक और पोस्ट आफिस चौक तक सब्जी पसरा लगेगा। बीते साल भी कोरोना काल में निगम प्रशासन ने सब्जी विक्रेताओं के लिए फ्लाइओवर के नीचे व्यवस्था बनाई थी।

इस बार भी लाकडाउन में सब्जी और फल, विक्रेताओं को दोपहर तीन बजे तक घूम-घूमकर बेचने की छूट दी है, लेकिन कई विक्रेता अपने पसरा वाले जगहों पर ही ठेला रखकर दुकान लगा रहे हैं। वहीं शहर के अन्य हिस्सों में भी ठेला एक जगह रखकर सब्जियों की बिक्री की जा रही है। इसको लेकर ही अब फ्लाइओवर के नीचे पसरा लगवाने की तैयारी की जा रही है।
सब्जी का पसरा लगाने के लिए फ्लाइओवर के नीचे निगम की टीम दो-दो फीट में मार्किंग कर रही है। इन जगहों पर सब्जी के विक्रेता पसरा लगाएंगे। फ्लाइओवर के नीचे निगम ने करीब 120 पसरा के लिए जगह चिंहित की है। सब्जी विक्रेताओं को यहां दुकान लगाने दिया जाएगा, लेकिन इससे पहले सब्जी विक्रेताओं को हिदायत भी दी जाएगी कि पसरा में ग्राहकों की भीड़ ना बढ़ाएँ कोरोना संक्रमण से सुरक्षा के लिए जारी प्रोटोकाल का पालन करने पर ही पसरा लगाने की दी जाएगी।
नगर निगम आयुक्त डा. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि अभी मार्किंग ही कर रहे हैं। दो-तीन दिन बाद बैठक कर सब्जी विक्रेताओं को फ्लाइओवर के नीचे पसरा लगाने की छूट देंगे सब्जी विक्रेताओं को लगातार समझाइश दे रहे हैं कि दुकानों पर भीड़ ना लगाए। कोरोना प्रोटोकाल का पालन करें। निर्देशों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।










































