back to top

राजनांदगांव: सार्वजनिक स्थान पर विवाद और गाली-गलौज करने वाले युवक पर कार्रवाई…

राजनांदगांव। चिचोला पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम पाटेकोहरा स्थित फौजी ढाबा के पास सार्वजनिक स्थान पर वाहन चालक से विवाद कर गाली-गलौज एवं लड़ाई-झगड़ा करने वाले युवक के खिलाफ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

पुलिस ने शांति एवं कानून-व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, चौकी चिचोला को सूचना मिली थी कि ग्राम फौजी ढाबा, पाटेकोहरा के पास एक व्यक्ति वाहन चालक से विवाद करते हुए गाली-गलौज और लड़ाई-झगड़ा कर रहा है।

उसके व्यवहार से मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो रही थी और क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन रही थी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी दिपक लामटे (38 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 12, रामनगर सुपेला, भिलाई, जिला दुर्ग को समझाइश दी। पुलिस के मुताबिक, समझाइश के बावजूद आरोपी आक्रोशित होकर हिंसक होने लगा। संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया।

इसके बाद लोक शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरोपी के खिलाफ धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार किया गया और उसे कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, छुरिया के न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page