back to top

राजनांदगांव: सावन के प्रथम दिन निकली डाक कांवड़ यात्रा, सिंघोला महाकाल धाम में हुआ जलाभिषेक…


मोहरा शिवनाथ नदी से शुरू हुई यात्रा, युवाओं को नशामुक्ति और फिटनेस का दिया संदेश

राजनांदगांव। पवित्र श्रावण मास के प्रथम दिन जीवनदान सेवा संस्था द्वारा आयोजित डाक कांवड़ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। मोहारा स्थित शिवनाथ नदी से प्रारंभ हुई यह यात्रा सिंघोला महाकाल धाम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के शिवलिंग पर पवित्र जल से जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।

संस्था के महेंद्र जंघेल ने बताया कि यह डाक कांवड़ यात्रा का लगातार चौथा वर्ष है। यात्रा का आयोजन मां पाताल भैरवी बर्फानी धाम, श्री महाकाल मंदिर सिंघोला एवं हिंदू जागरण मंच राजनांदगांव के सहयोग से किया जा रहा है।

यात्रा का शुभारंभ विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्निहोत्री तथा हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक सुशील लड्ढा ने सीटी बजाकर किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले वर्ष डाक कांवड़ यात्रा लगभग 30 किलोमीटर की थी, जबकि इस वर्ष श्रद्धालुओं की बढ़ती भागीदारी को देखते हुए यात्रा को मोहरा शिवनाथ नदी से डोंगरगढ़ तक लगभग 45 किलोमीटर तक विस्तारित किया गया है।

जीवनदान सेवा संस्था ने बताया कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं एवं बच्चों को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखकर फिटनेस, अनुशासन और आध्यात्मिक जीवन की ओर प्रेरित करना है। संस्था ने संस्कारधानी राजनांदगांव एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा से जुड़ने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने की अपील की।

यात्रा में जीवनदान सेवा संस्था के सदस्य, शिवभक्त एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

Advertisements

You cannot copy content of this page