back to top

राजनांदगांव : सीईओ जिला पंचायत ने किया विभिन्न निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण…

राजनांदगांव 21 फरवरी 2024। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह जनपद पंचायत डोंगरगांव के ग्राम चिद्दों, जंतर, बड़भूम तथा जनपद पंचायत छुरिया के ग्राम कलडबरी में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने ग्राम चिद्दों के निरीक्षण के दौरान भूमि संरक्षण विभाग के माध्यम से स्वीकृति हेतु प्रस्तुत किए गए कार्यों के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से कार्य की आवश्यकता, 

जल संरक्षण से होने वाले लाभ तथा आसपास के किसानों से चर्चा कर कार्य के होने से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष प्रभाव के संबंध में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि कार्य के स्वीकृत हो जाने से लगभग 70- 80 एकड़ की भूमि तथा 40 से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा।

 सीईओ जिला पंचायत ने अधिकारियों को कार्यों की स्वीकृति के संबंध में आवश्यक प्रशिक्षण करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम जंतर में भूमि संरक्षण एवं जल संवर्धन संबंधित कार्यों का खेतों से होकर प्रस्तावित स्थल तक पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने स्थल में आंशिक संशोधन किए जाने योग्य स्थिति को देखकर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने निर्देशित किया। 

इसके पश्चात सुश्री सुरूचि सिंह ने ग्राम पंचायत बड़भुम के तालाब गहरीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान तालाब गहरीकरण कार्य में 140 से अधिक श्रमिक कार्यरत पाए गए। उन्होंने कार्यस्थल पर तत्काल सूचना पटल निर्माण करने कहा तथा श्रमिकों से चर्चा कर कार्य एवं मजदूरी भुगतान के संबंध में जानकारी ली। 

सीईओ जिला पंचायत सुश्री सुरूचि सिंह ने जनपद पंचायत छुरिया के ग्राम कलडबरी में किए जा रहे परकुलेशन टैंक एवं भूजल संचय के कार्यों जायजा लिया। इस दौरान कार्य स्थल पर मस्टर रोल का वाचन किया गया। जिसमें 40 में से 38 लोगों की उपस्थिति पाई गई। सीईओ जिला पंचायत ने दो लोगों की अनुपस्थिति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को रोजगार देने के लक्ष्य को मूल लक्ष्य बताते हुए संख्या में बढ़ोतरी करने के निर्देश दिए। 

सुश्री सुरूचि सिंह ने खुज्जी में निर्मित अमृत सरोवर के कार्यों का निरीक्षण किया और किए गए कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने इस तर्ज पर अधिक से अधिक संख्या में अमृत सरोवर के निर्माण हेतु स्थल चयन करने के दिशा-निर्देश उपस्थित अधिकारियों को दिए। निरीक्षण के दौरान साथ जनपद सीईओ डोंगरगांव श्री नवीन कुमार, जनपद सीईओ छुरिया श्री नारायण बंजारे एवं जिला पंचायत से सहायक परियोजना अधिकारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page