- कलेक्टर ने विकासखंड मानपुर के ग्राम बसेली और सरखेड़ा के गौठान का किया निरीक्षण
- गौठानों में स्वसहायता समूह की महिलाएं आर्थिक गतिविधियां से हो रही आत्मनिर्भर
- गौठान में स्थानीय महिलाओं को मिल रहा रोजगार
राजनांदगांव शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरवा, गुरूवा, घुरूवा, बाड़ी योजना के तहत जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र विकासखंड मानपुर के ग्राम बसेली का मॉडल गौठान मल्टीएक्टीविटी केन्द्र के रूप में विकसित हो रहा है। इस गौठान में स्वसहायता समूह की महिलाएं विभिन्न गतिविधियों से आत्मनिर्भर बन रही हैं। इसके साथ ही वनांचल क्षेत्र की महिलाओं को गौठान में रोजगार मिल रहा है। कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने ग्राम बसेली के मॉडल गौठान में की जा रही विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने गौठान के महिलओं से चर्चा कर उनके कार्यों की जानकारी ली और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल की मंशा अनुरूप गौठान में स्वसहायता समूह की महिलाएं आर्र्थिक गतिविधियां कर आत्मनिर्भर हो रही है। यह गौठान अन्य गौठानों के लिए आदर्श गौठान है। उन्होंने गौठान में वर्मी कम्पोस्ट, बाड़ी, चारागाह, पौधरोपण के साथ महिलाओं द्वारा किए जा रहे विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गौठान में फलदार पौधा, सहजल, अदरक एवं हल्दी का पौधा लगाएं।
कलेक्टर श्री सिन्हा ने स्वसहायता समूह की महिलाओं से चर्चा की। उन्होंने कहा कि गौठान के प्रत्येक समूह अलग-अलग कार्य करें। समूह की सभी महिलाओं को आय प्राप्त होनी चाहिए। साथ ही कार्य सतत रूप से चलना चाहिए। उन्होंने वर्मी कम्पोस्ट का निरीक्षण कर गुणवत्ता परखी। उन्होंने कहा कि वर्मी कम्पोस्ट पैकेजिंग के पैकेट में स्वसहायता समूह का नाम जरूर लिखे। उन्होंने गौठान में संधारित रजिस्टर का अवलोकन कर कहा कि अन्य गौठानों द्वारा इसका अनुकरण किया जाए।
गौठानों में चल रहे कार्यों का हिसाब-किताब जरूर रखें। ग्राम सचिव श्रीमती रेणुका बारसागढ़े ने बताया कि गौठान में 164 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट निर्माण किया जा चुका है और सभी का विक्रय कर दिया गया है। गौठान में अनेक महिला स्वसहायता समूह कार्य कर रही हैं। मां बम्लेश्वरी महिला स्वसहायता समूह द्वारा ईट का निर्माण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत द्वारा 10 हजार ईट बनाने की मांग की गई है। वहीं जय मां शीतला महिला स्वसहायता समूह द्वारा वर्मी खाद, जय मां संतोषी महिला स्वसहायता समूह द्वारा सब्जी उत्पादन, सत्यम शिवम सुन्दरम् स्वसहायता समूह द्वारा मछली पालन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कुसुम से तेल निकालने के लिए मशीन प्राप्त हुई है। इसमें उत्पादक स्वसहायता समूह की महिलाएं कार्य करेंगी। गौठान में 100 पौधे काजू, 300 बांस, 30 आम, 20 जामुन, 20 नीबू, 10 सिंदूर, 150 आंवला का पौधा लगाया गया है। एक एकड़ में नेपियर घास तथा आधे एकड़ में मक्का लगाया गया है। जनपद सदस्यों के माध्यम से 30 सौगोन के पेड़ भी लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि गांव में प्रत्येक परिवार द्वारा लाख का उत्पादन किया जाता है। कुक्कुट पालन के लिए शेड का प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है।
कलेक्टर ने ग्राम सरखेड़ा के गौठान का किया निरीक्षण-
कलेक्टर श्री तारन प्रकाश सिन्हा ने ग्राम सरखेड़ा के गौठान का निरीक्षण कर वर्मी कम्पोस्ट निर्माण और विक्रय की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वर्मी कम्पोस्ट निर्माण में तेजी लाएं। जिस मात्रा में गोबर खरीदी की जा रही है, वर्मी कम्पोस्ट भी उसी अनुपात में बनना चाहिए। उन्होंने गौठान में शेड निर्माण के धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि जल्द ही निर्माण कार्य पूरा करें और स्वसहायता समूह की महिलाओं के लिए कार्य प्रारंभ कराएं।
उन्होंने कहा कि मुर्गी पालन के लिए शेड निर्माण करने से पहले कार्य योजना बनाएं। उन्होंने बाड़ी, चारागाह का अवलोकन किया। उन्होंने वन विभाग को फलदार पौधे लगाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री लोकेश चंद्राकर, एसडीएम मानपुर श्री राहुल रजक, जनपद सीईओ श्री डीडी मंडले, तहसीलदार श्री सुरेन्द्र उर्वशा, नायब तहसीलदार श्री श्रेजल साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।











































