back to top

राजनांदगांव: सुरगी पुलिस की कार्रवाई, शांति भंग करने के आरोप में 5 उपद्रवी गिरफ्तार…

राजनांदगांव जिले की पुलिस चौकी सुरगी ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पांच असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

Advertisements

पुलिस के अनुसार ग्राम सुरगी निवासी प्रहलाद ढीमर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुबेर निषाद और उसके साथी आए दिन गांव में हंगामा और विवाद कर माहौल खराब करते हैं। वहीं ग्राम उसरीबोड़ के ग्रामीणों ने भी जसवंत उर्फ जस्सू साहू के खिलाफ लोगों से झगड़ा और शांति व्यवस्था भंग करने की शिकायत की थी।

शिकायत मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में पाया गया कि सभी आरोपी नशे की हालत में अक्सर ग्रामीणों से विवाद करते थे, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका बनी रहती थी।

इसके बाद पुलिस ने जसवंत उर्फ जस्सू साहू, कुबेर निषाद, उत्तम कुमार निषाद, विजय यादव और चुम्मन साहू को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्यवाही करते हुए कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट मिलने के बाद सभी आरोपियों को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।

पुलिस ने नागरिकों से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि क्षेत्र में उपद्रव और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Advertisements

You cannot copy content of this page