back to top

राजनांदगांव: स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस अलर्ट, ऑटो चालकों को दी सख्त हिदायत…


राजनांदगांव। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर राजनांदगांव यातायात पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा यातायात प्रभारी निरीक्षक नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में स्कूली ऑटो चालकों और विद्यार्थियों को यातायात सुरक्षा संबंधी जरूरी जानकारी दी गई।

Advertisements


यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों को निर्देशित किया कि बच्चों के बैग ऑटो के बाहर पीछे की ओर इस तरह न लटकाए जाएं, जिससे वे दूसरे वाहनों से टकराकर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। ऑटो में बच्चों के बैठने और सामान रखने की उचित व्यवस्था करने के साथ ही निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को नहीं बैठाने की हिदायत दी गई।


वहीं विद्यार्थियों को भी सफर के दौरान विशेष सावधानी बरतने की समझाइश दी गई। बच्चों से कहा गया कि चलते ऑटो से अपने हाथ, पैर या शरीर का कोई भी हिस्सा बाहर न निकालें, क्योंकि ऐसा करना दुर्घटना का कारण बन सकता है।
यातायात पुलिस ने ऑटो चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने अथवा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता एवं समझाइश अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Advertisements

You cannot copy content of this page