
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के प्रथम त्यौहार हरियाली महोत्सव के उपलक्ष्य में तेजस्वी शिक्षा एवं सेवा संस्थान, राजनांदगांव द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए विभिन्न गांवों में वृक्षारोपण और पौधा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

संस्थान ने बुंदेली कला, सिंगपुर, डोमहाटोला, पदमुतरा, तिलई, खपरी खुर्द, मोहबा, महरूम खुर्द सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर स्थानीय युवाओं, युवतियों और महिलाओं को फलदार आंवले के पौधे वितरित किए। इस अवसर पर ग्रामीणों को अपने घरों, आंगनों और खेतों में पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया गया ताकि आने वाले समय में हरियाली बनी रहे और पर्यावरण संतुलन को बनाए रखा जा सके।

संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन न केवल पर्यावरण संरक्षण के लिए जरूरी हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति से जोड़ने का एक प्रभावी माध्यम भी हैं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वृक्षारोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।
हरियाली महोत्सव के इस अवसर पर तेजस्वी शिक्षा एवं सेवा संस्थान की यह पहल समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम माना जा रहा है।









































