back to top

राजनांदगांव: होटल लॉज चेकिंग में सहयोग नहीं करने पर कैलाश लॉज संचालक गिरफ्तार…


राजनांदगांव। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और होटल-लॉज में ठहरने वाले व्यक्तियों के सत्यापन के लिए चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान सिटी कोतवाली पुलिस ने कैलाश लॉज के संचालक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संचालक को गिरफ्तार कर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अलेक्जेंडर किरों के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह के नेतृत्व में 9 जून 2026 को होटल एवं लॉज चेकिंग अभियान चलाया गया।

Advertisements


चेकिंग के दौरान पुराना बस स्टैंड स्थित कैलाश लॉज में ठहरे लोगों की जानकारी सत्यापित करने के लिए पुलिस ने लॉज का एंट्री रजिस्टर मांगा। आरोप है कि लॉज संचालक गुंजन जैन (31 वर्ष) ने रजिस्टर दिखाने से इंकार कर दिया और पुलिस कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करते हुए आपत्तिजनक व्यवहार किया। पुलिस के अनुसार समझाइश के बावजूद वह आक्रोशित हो गया तथा गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने पर उतारू हो गया, जिससे मौके पर शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बन गई।


स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गुंजन जैन के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तारी करते हुए धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। बाद में उसे कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने कहा है कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार शाह, प्रधान आरक्षक अफजल खान, लीलेंद्र पटेल तथा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने होटल एवं लॉज संचालकों से अपील की है कि वे जांच और चेकिंग के दौरान पूर्ण सहयोग करें तथा ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का नाम, पता और पहचान संबंधी जानकारी रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Advertisements

You cannot copy content of this page