राजनांदगांव: 24 लाख की जब्त शराब का नष्टीकरण, राजनांदगांव पुलिस का अवैध कारोबार पर सख्त प्रहार…

राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत रक्षित केंद्र राजनांदगांव में आबकारी अधिनियम के तहत जब्त शराब का विधिवत नष्टीकरण किया गया।

पुलिस के अनुसार 221 प्रकरणों में जब्त करीब 3610.84 बल्क लीटर शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 24 लाख रुपये है, का नष्टीकरण किया गया।


पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव के दिशा-निर्देश और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में यह कार्रवाई संपन्न हुई। नष्टीकरण की प्रक्रिया में अंग्रेजी शराब, देसी शराब, बीयर और महुआ शराब शामिल रही।


पुलिस के मुताबिक जब्त शराब में करीब 1502 लीटर अंग्रेजी शराब, जिसकी कीमत 14 लाख 83 हजार 98 रुपये, 1804 लीटर देसी शराब, जिसकी कीमत 8 लाख 37 हजार 826 रुपये, 155 लीटर बीयर, जिसकी कीमत 48 हजार 300 रुपये और 147 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत 30 हजार 750 रुपये आंकी गई है।


यह कार्रवाई आबकारी अधिनियम के प्रावधानों और जिला कलेक्टर के आदेश के तहत की गई। इस दौरान जिला आबकारी अधिकारी संदीप सहारे, आबकारी उप निरीक्षक तुलेश्वरी देवांगन और मुकेश वर्मा, कार्यपालिक दंडाधिकारी राकेश कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन समेत जिले के विभिन्न थाना और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।


राजनांदगांव पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन या बिक्री से जुड़ी किसी भी जानकारी की तत्काल पुलिस को सूचना दें।