
राजनांदगांव। सावन मास के अवसर पर जीवनदान सेवा संस्था द्वारा मोहरा स्थित शिवनाथ नदी से मां बम्लेश्वरी मंदिर डोंगरगढ़ तक 48 किलोमीटर की डाक कांवड़ यात्रा निकाली गई। संस्था के सदस्यों ने शिवनाथ नदी से जल लेकर दौड़ते हुए डोंगरगढ़ पहुंचकर मां बम्लेश्वरी मंदिर में जल अर्पित किया।

यात्रा के दौरान संस्था की टीम का डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी मंदिर के पूर्व ट्रस्टी हनी गुप्ता की टीम ने स्वागत किया और फलाहारी की व्यवस्था की। यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। संस्था ने राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, बसंतपुर थाना प्रभारी एवं डोंगरगढ़ थाना प्रभारी सहित पूरे पुलिस बल का विशेष आभार व्यक्त किया।
पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा डाक कांवड़ यात्रा को सुरक्षा प्रदान की गई और यात्रा को सुरक्षित रूप से मां बम्लेश्वरी मंदिर तक पहुंचाया गया। डोंगरगढ़ पुलिस के जवानों ने संस्था के सदस्यों के साथ दौड़कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान लोगों को नशे से दूर रहने और शारीरिक फिटनेस पर ध्यान देने का संदेश भी दिया गया।
यात्रा का शुभारंभ विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्निहोत्री, हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक सुशील लड्ढा, राजबहादुर सिंह तथा ह्यूमन ग्रुप के सीईओ अमर सिंह राजपूत ने सिटी बजाकर किया।
जीवनदान सेवा संस्था ने कहा कि युवाओं और समाज के लोगों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन जीने के लिए प्रेरित करना संस्था का उद्देश्य है। संस्था ने प्रत्येक परिवार से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस पर ध्यान दें तथा नशे के दुष्प्रभावों से परिवार एवं समाज को बचाने के लिए लोगों को जागरूक करें।










































