back to top

राजनांदगांव : 79वीं महंत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता…

कलेक्टर की अध्यक्षता में प्रतियोगिता के संबंध में बैठक आयोजित

Advertisements

अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 27 दिसम्बर 2021 से 6 जनवरी 2022 तक

प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बनाई जाएगी 11 सदस्यों की आयोजन समिति

राजनांदगांव – कलेक्टर एवं अध्यक्ष दिग्विजय स्टेडियम समिति श्री तारन प्रकाश सिन्हा की अध्यक्षा में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में 79वीं महंत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन के संबंध में बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर महापौर श्रीमती हेमा देशमुख उपस्थित थी। कलेक्टर श्री सिन्हा ने कहा कि महंत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता की देश में हॉकी नर्सरी की विशेष पहचान है। कोविड-19 के बाद होने वाले इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है। अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में रंग-रोगन के साथ अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए 11 सदस्यों की आयोजन समिति बनाई जाएगी। जिसके द्वारा प्रतियोगिता की तैयारी तथा संचालन के संबंध में कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा अन्य सहयोगियों की समिति बनाई जाए, जो विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करेंगी।79वीं महंत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 27 दिसम्बर 2021 से 6 जनवरी 2022 तक अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम गौरव पथ राजनांदगांव में किया जाएगा।

हॉकी प्रतियोगिता में देश के राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी शामिल होंगे। स्टेडियम प्रबंधक श्री रणविजय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए देश के विभिन्न राज्यों और विभिन्न संस्थाओं के हॉकी टीमों को पत्र भेजा गया है। खिलाडिय़ों के ठहरने तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए रूपरेखा की तैयारी की जाएगी। इस अवसर पर श्री लीलाराम भोजवानी, राजगामी संपदा न्याय के अध्यक्ष श्री विवेक वासनिक, जिला पंचायत सीईओ श्री लोकेश चन्द्राकर, आयुक्त नगर निगम श्री आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम राजनांदगांव श्री अरूण कुमार वर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी, पूर्व महापौर श्री नरेश डाकलिया, श्री भरत वर्मा, श्री किशन खण्डेलवाल, श्री शशिकांत अवस्थी, श्री सुशील कोठारी, श्री कुतुबुद्दीन सोलंकी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Advertisements

You cannot copy content of this page