
राजनांदगांव। शहर के शंकरपुर वार्ड नंबर 9 में शिव शक्ति मां काली पूजा समिति द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा का निर्वहन करते हुए मां काली की भव्य प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।
समिति द्वारा आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में मां काली की विशेष आराधना एवं विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूजा के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता का आशीर्वाद लिया।
पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठानों के समापन के पश्चात मां काली की प्रतिमा का धूमधाम से विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्तिभाव के साथ शामिल हुए। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकाले गए विसर्जन जुलूस से क्षेत्र का माहौल भक्तिमय हो गया।
शिव शक्ति मां काली पूजा समिति द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्रवासियों की सहभागिता सामाजिक एकता, आस्था और धार्मिक परंपरा को मजबूत करने का संदेश देती है।










































