back to top

राजनांदगांव: घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार…

राजनांदगांव। डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम रामाटोला में घर में घुसकर महिला के साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ करने के मामले में डोंगरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान मनोज देवांगन (44 वर्ष), निवासी ग्राम रामाटोला के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, घटना 12 नवंबर 2026 की दोपहर करीब 1 बजे की है। पीड़िता अपने घर के सामने स्थित कमरे में सो रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी मनोज देवांगन घर के अंदर घुस आया और महिला की चादर खींचकर उसके दोनों हाथ पकड़ लिए।

इसके बाद आरोपी ने महिला का मुंह दबाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला ने विरोध करते हुए आरोपी को थप्पड़ मारे और शोर मचाया। आवाज सुनकर दूसरे कमरे में सो रहा परिवार का सदस्य मौके पर पहुंचा, जिसे देखकर आरोपी फरार हो गया।

पीड़िता की शिकायत पर डोंगरगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 670/2026 के तहत धारा 74, 75 एवं 331(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी रामेश्वर प्रसाद देशमुख ने पुलिस टीम के साथ आरोपी की पतासाजी की।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने और अपराध स्वीकार करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।