रायपुर एम्स में नौकरी दिलाने के नाम पर 14.50 लाख की ठगी, आरोपी लखनऊ से गिरफ्तार…

भिलाई। रायपुर एम्स में नौकरी लगाने का झांसा देकर एक युवक से 14 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को वैशाली नगर पुलिस ने लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी अपराध दर्ज होने के बाद से फरार हो गया था ।

प्रकरण में आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी मुकेश कोसरे निवासी वृंदा नगर कैम्प-1 भिलाई द्वारा 13 जनवरी 2026 को थाना वैशाली नगर में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि उसका कॉलेज मित्र अभिषेक जयसवाल स्वयं की बड़े अधिकारियों एवं प्रभावशाली व्यक्तियों से पहचान होना बताते हुए रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स के पद पर नौकरी लगाने का झांसा दिया। आरोपी द्वारा नौकरी लगवाने के एवज में रकम की मांग की गई तथा ज्वाइनिंग लेटर उपलब्ध कराने का आश्वासन दियागया।

प्रार्थी आरोपी के झांसे में आकर सितम्बर 2021 से 16 अक्टूबर 2022 के मध्य अपने एसबीआई खाते से अलग- अलग किश्तों में कुल 14 लाख 50 हजार रुपये आरोपी को दिया। इसके बाद आरोपी द्वारा लगातार ज्वाइनिंग लेटर देने एवं राशि वापस करने के नाम पर टालमटोल कर फरार हो गया।

थाना वैशाली नगर में 420 भादंवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी के लखनऊ, उत्तर प्रदेश में होने की जानकारी मिली तत्काल पुलिस टीम लखनऊ जाकर आरोपी अभिषेक जयसवाल (31 वर्ष) निवासी सेक्टर 6 सड़क 12 क्वाटर नंबर 05 बीएसपी स्कूल के पास को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर थाना वैशाली नगर लाया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किया गया। पश्चात आरोपी को न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।