back to top

रायपुर : 18-44 आयु के अन्त्योदय, बी.पी.एल तथा ए पी एल. श्रेणी के हितग्राहियों का कोरोना टीकाकरण प्रारंभ….

रायपुर जिले के सभी 8 टीकाकरण केंद्रों में 3-3 काउंटर बनाए गए

Advertisements

युवाओं ने उत्साहपूर्वक आकर वैक्सीनेशन करवाया

आज भी इन सभी केंद्रों में सुबह 8:00 बजे से केंद्र में होगा पंजीयन, 9:00 बजे से होगा टीकाकरण

रायपुर 08 मई 2021/राज्य शासन के दिशा-निर्देशानुसार
आज से रायपुर जिले में 18-44 आयु वर्ग के व्यक्तियों हेतु शासकीय व्यवस्था के तहत अन्त्योदय, बी.पी.एल तथा ए पी एल. श्रेणी के हितग्राहियों को एक तिहाई के अनुपात में समान प्राथमिकता देते हुए कोविड-19 टीकाकरण कार्य शुरू किया गया।

इसके लिए रायपुर जिले में 8 केन्द्र बनाए गये है, जिनमें अन्त्योदय, बी.पी.एल. तथा ए.पी.एल. श्रेणी के हितग्राहियों हेतु 3 पृथक काउटर/सत्र की व्यवस्था की गई । सुबह से ही इन सभी टीकाकरण केंद्रों में युवाओं ने उत्साहपूर्वक आकर वैक्सीनेशन करवाया । इसके तहत आज रायपुर जिले में 18 से 44 आयु वर्ग के 3040 नागरिकों ने कोरोना वैक्सिन का पहला डोज लगवाया।

कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी डॉ एस भारतीदासन ने स्वयं इन केंद्रों में पहुंच कर टीकाकरण कार्य का अवलोकन किया तथा यहां के व्यवस्थाओं की जानकारी ली। आज भी इन टीकाकरण केंद्रों में सुबह 9:00 बजे से वैक्सीनेशन का कार्य किया जाएगा तथा इसके लिए 8:00 बजे से पंजीयन का कार्य केंद्र में ही होगा।

टीकाकरण कार्य व्यवस्थित एवं निविघ्न रूप से कराने हेतु जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को केन्द्र नोडल अधिकारी बनाया है। इन केंद्रों में सहायक नोडल अधिकारी के रूप में खाद्य विभाग के अधिकारियों को नियुक्त किया है तथा कानून व्यवस्था सहित सम्पूर्ण व्यवस्था का प्रभारी के रूप में कार्यपालक मजिस्ट्रेटों को नियुक्त किया है। इसी तरह पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है ।

आज रायपुर नगर निगम क्षेत्र के सांस्कृतिक भवन चंगोराभाठा में 406, पं.दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में 421और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (बी.टी.आई.) शंकरनगर में 412 नागरिकों ने टीका लगवाया । इसी तरह बिरगांव नगर निगम क्षेत्र में अडवानी आलिकान उच्चतर माध्यमिक शाला में 514, दाऊ पोषण लाल चंद्रवंशी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परसतराई धरसींवा में 320, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अभनपुर में 316, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, आरंग में 351 और सांस्कृतिक भवन वार्ड क्रमांक 18 तिल्दा में 300 नागरिकों ने टीका लगवाया।

आज अंत्योदय राशन कार्ड के माध्यम से 88, बीपीएल राशनकार्ड के माध्यम से 939 लोगों ने टीका लगवाया । इसी तरह एपीएल वर्ग से 2013 लोगों ने टीका लगाया ।

उल्लेखनीय है कि अन्त्योदय और बी.पी.एल. श्रेणी के लिए हितग्राहियों को निर्धारित आई.डी./दस्तावेज के साथ साथ राशन कार्ड भी दिखाना होगा ,जबकि ए.पी.एल. श्रेणी के लिए निर्धारित पहचान पत्र आई.डी. जैसे आधार कार्ड, पेन कार्ड या अन्य मान्य दस्तावेज में से कोई एक दिखाना होगा। ए.पी.एल. श्रेणी के लिए राशन कार्ड दिखाने की आवश्यकता नहीं होगी।

टीकाकरण हेतु आने वाले सभी व्यक्तियो की अपील की गई है कि मास्क धारण करें तथा फिजिकल डिस्टेंसिंग के नियम का कड़ाई से पालन करें।

टीकाकरण अभियान के जिला स्तर नोडल अधिकारी श्री संदीप कुमार अग्रवाल ने भी आज इन टीकाकरण केंद्र में पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

Advertisements

You cannot copy content of this page