back to top

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का जिला स्तरीय शुभारंभ…

मोहला, 10 अगस्त 2026। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर जिले में बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त करने के उद्देश्य से आज जिला स्तरीय अभियान का शुभारंभ सीईओ जिला पंचायत श्री मिथलेश डोंडे द्वारा पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, मोहला में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के बच्चों को कृमिनाशक दवा का सेवन कराया तथा कृमि संक्रमण से बचाव एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी।

Advertisements


राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान के तहत जिले में 10 अगस्त 2026 को शुभारंभ दिवस के रूप में लक्षित बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई जा रही है। अभियान के अंतर्गत जिले में लगभग 1 लाख 10 हजार बच्चों को कृमिनाशक दवा का सेवन कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान के दौरान जो बच्चे किसी कारणवश दवा सेवन से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 17 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस के अवसर पर कृमिनाशक दवा का सेवन कराया जाएगा।


कार्यक्रम में बच्चों को कृमि संक्रमण के कारण होने वाले दुष्प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों के संबंध में जानकारी दी गई।

बच्चों को बताया गया कि कृमि संक्रमण उनके स्वास्थ्य, पोषण एवं शारीरिक विकास को प्रभावित कर सकता है। नियमित रूप से कृमिनाशक दवा का सेवन करने के साथ स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को अपनाकर कृमि संक्रमण से प्रभावी रूप से बचाव किया जा सकता है।


अभियान के दौरान बच्चों को भोजन से पहले एवं शौच के बाद साबुन से हाथ धोने, स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही हाथ धोने की सही विधि का भी प्रदर्शन एवं जानकारी दी गई। बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।


राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का उद्देश्य जिले के लक्षित बच्चों में कृमि संक्रमण की रोकथाम कर उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाना तथा उनके समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास को सुनिश्चित करना है। अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा एवं संबंधित विभागों द्वारा समन्वित रूप से कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर श्री दुकालूराम ध्रव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त आदिम जाति कल्याण विभाग, जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।

Advertisements

You cannot copy content of this page