मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी के लिए विशेष कार्ययोजना, कलेक्टर ने दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश…

मोहला, 10 अगस्त 2026। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला स्वास्थ्य समिति, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन श्रीमती तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता में जिले में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए विशेष कार्ययोजना तैयार कर उसके शत-प्रतिशत क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।


कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिले में गुणवत्तापूर्ण संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित उच्च स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं से सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक गर्भवती महिला का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने तथा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत सभी गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।


उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में प्रसव के लिए आवश्यक स्टाफ की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा संभावित प्रसव के दृष्टिगत संस्थागत स्तर पर पूर्व तैयारी रखने के निर्देश दिए। शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में निजी अस्पतालों की तुलना में संस्थागत प्रसव की कम संख्या पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने प्रत्येक गर्भवती महिला को उचित परामर्श एवं मार्गदर्शन देकर शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में प्रसव के लिए प्रेरित करने को कहा।


बैठक में जननी सुरक्षा पोर्टल में हितग्राहियों से संबंधित जानकारी की नियमित एवं समयबद्ध ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

  • राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यक्रमों की हुई समीक्षा

कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए सभी कार्यक्रमों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अनुपातिक उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश समस्त खंड चिकित्सा अधिकारियों एवं विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधकों को दिए।


उन्होंने टीबी कार्यक्रम में ट्रूनेट जांच, पोषण पुनर्वास केंद्रों में कुपोषित बच्चों की उपस्थिति, मौसमी बीमारियों एवं मलेरिया की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई, कुष्ठ रोग कार्यक्रम के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण सर्वे तथा गैर-संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं में प्रगति लाने के निर्देश दिए।


इसी तरह आयुष्मान भारत एवं वय वंदन योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के कार्ड निर्माण में तेजी लाने तथा शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन देने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने जिले में संचालित सभी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की ऑनलाइन एंट्री में प्रगति लाने तथा कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडले एप के माध्यम से ऑनलाइन पोस्टमार्टम एवं एमएलसी कार्यों के संबंध में आगामी दिनों में जिले में प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश भी दिए।


कलेक्टर ने सभी शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा हितग्राहियों को देय भुगतान समय पर किए जाने के निर्देश दिए।

उन्होंने मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार एवं उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया। बैठक में अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय खोबरागड़े, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राकेश वर्मा, समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, नोडल अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।