back to top

सम्मान और स्वावलंबन का संबल बना महतारी वंदन…

मोहला 10 अगस्त 2026। महतारी वंदन योजना महिलाओं के जीवन में आर्थिक संबल के साथ सम्मान, आत्मविश्वास और स्वावलंबन की नई राह खोल रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 30वीं किश्त की राशि प्रदेश की लाखों महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की।

Advertisements

योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली आर्थिक सहायता से महिलाएं अपनी दैनिक एवं पारिवारिक जरूरतों को पूरा करने के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।


महतारी वंदन योजना से लाभान्वित ग्राम मोहला निवासी श्रीमती देवकी निषाद के लिए यह योजना आर्थिक संबल का माध्यम बनी है। श्रीमती निषाद बताती हैं कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा योजना शुरू किए जाने के बाद उन्होंने भी इसका लाभ लेने के लिए आवेदन किया था।

आवेदन स्वीकृत होने के बाद उन्हें प्रत्येक माह योजना की राशि समय पर उनके बैंक खाते में प्राप्त हो रही है। श्रीमती देवकी निषाद ने बताया कि पहले अपनी व्यक्तिगत जरूरतों और परिवार से जुड़ी छोटी-छोटी आवश्यकताओं के लिए उन्हें पति अथवा अन्य परिजनों पर आर्थिक रूप से निर्भर रहना पड़ता था।

महतारी वंदन योजना के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता से उनकी स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। अब वे योजना से प्राप्त राशि का उपयोग अपनी आवश्यकताओं के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों और परिवार की अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रही हैं।


उन्होंने बताया कि हर माह समय पर मिलने वाली आर्थिक सहायता ने उन्हें अपनी जरूरतों को स्वयं पूरा करने का भरोसा दिया है।

इससे उनके आत्मविश्वास और सम्मान में वृद्धि हुई है तथा आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की भावना भी मजबूत हुई है। योजना की राशि परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोगी होने के साथ महिलाओं को अपने छोटे-बड़े निर्णयों में अधिक आत्मविश्वास के साथ भागीदारी करने का अवसर दे रही है।


श्रीमती निषाद ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के लिए केवल आर्थिक सहायता का माध्यम नहीं है, बल्कि यह उन्हें आत्मनिर्भरता, सम्मान और स्वावलंबन का संबल भी प्रदान कर रही है।

उन्होंने महतारी वंदन योजना के लिए छत्तीसगढ़ सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना से मिलने वाली राशि उनके जैसे अनेक महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है।

Advertisements

You cannot copy content of this page