back to top

सीजी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव सड़क हादसे में घायल, झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती, बागेश्वर धाम से परिवार संग लौटते समय हुआ हादसा, कमर में आई चोट; हालत खतरे से बाहर…

झांसी/रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब वे परिवार के साथ मध्य प्रदेश स्थित बागेश्वर धाम से दर्शन कर छत्तीसगढ़ लौट रहे थे।

Advertisements

दुर्घटना के बाद उन्हें तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक यात्रा के दौरान सामने से आ रही एक कार ने अचानक कट मार दिया। वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने कार मोड़ दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में किरण सिंह देव की कमर में चोट आई है, जिसके कारण उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। हालांकि प्रारंभिक चिकित्सकीय जांच में किसी प्रकार के फ्रैक्चर की पुष्टि नहीं हुई है। डॉक्टर लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

दुर्घटना के समय कार की रफ्तार लगभग 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। वाहन में मौजूद पीएसओ, निजी सहायक (पीए) और चालक को भी मामूली चोटें आई हैं। वहीं, कार में सवार परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित हैं।

गौरतलब है कि किरण सिंह देव के काफिले में शामिल पीछे चल रहे अन्य वाहन और उनमें सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा नेताओं एवं समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Advertisements

You cannot copy content of this page