
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, 11 सितंबर। राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव ने शुक्रवार को जिले के सुदूर एवं सीमावर्ती क्षेत्र स्थित थाना बकरकट्टा का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने थाना की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था तथा लंबित अपराध एवं प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई भी मौजूद रहे।
आईजी यादव ने थाना अभिलेखों का अवलोकन करते हुए थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी ली। उन्होंने साइबर जागृति अभियान के तहत की जा रही कार्रवाई की भी समीक्षा की।
इसके बाद आईजी ने आईटीबीपी कैंप बकरकट्टा का भ्रमण किया। यहां आईटीबीपी एवं जिला पुलिस के अधिकारियों और जवानों से चर्चा कर क्षेत्र की सुरक्षा, आपसी समन्वय तथा संवेदनशील इलाकों में निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली।
आईजी ने सीमावर्ती क्षेत्र में जिला पुलिस और आईटीबीपी के बीच बेहतर समन्वय, नियमित पेट्रोलिंग, प्रभावी सूचना तंत्र और लगातार सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जवानों से संवाद कर उनकी ड्यूटी एवं कार्य परिस्थितियों की जानकारी ली और उनका उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी बकरकट्टा, आईटीबीपी के अधिकारी-जवान तथा जिला पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।











































