
राजनांदगांव, 28 जुलाई 2025। सावन मास के पावन अवसर पर निकली भगवान चंद्रमौलेश्वर की पालकी शोभायात्रा का राजनांदगांव स्टेशन पारा स्थित शिव मंदिर के पास शहर उत्तर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आसिफ अली तथा वार्ड पार्षद छोटे लाल रामटेके के नेतृत्व में भव्य स्वागत किया गया।
शिव मंदिर समिति के महिला समूह की सदस्यों ने पारंपरिक वेशभूषा और उत्साह के साथ भगवान की पालकी पर फूलों की वर्षा कर आरती उतारी और “हर हर महादेव” के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस दौरान भजन-कीर्तन व डमरू की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
आसिफ अली ने कहा कि “भगवान चंद्रमौलेश्वर की पालकी यात्रा हमारे शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान है, जो समाज में समरसता और आस्था को मजबूत करती है।”
वहीं पार्षद छोटे लाल रामटेके ने कहा कि “ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करते हैं और हमारी नई पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ते हैं।”
इस अवसर पर स्टेशन पारा क्षेत्र में जगह-जगह पालकी यात्रा के स्वागत हेतु तोरण द्वार लगाए गए थे, साथ ही शीतल जल एवं प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई थी। इस दौरान संतोषी नागवंशी ,मीना साहू, संध्या राणा, उर्मिला सिंहा,बिना यादव, चित्ररेखा भट्ट, चित्र साहू,नीरा साहू सहित महिला समूह की सदस्य उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति रही और सभी ने भगवान के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।









































