back to top

राजनांदगांव : स्टेशन पारा ओवरब्रिज पर डीजल खत्म होने से यात्री बस बनी मुसीबत, घंटों जाम में फंसे स्कूली बच्चे…

राजनांदगांव, 31 जुलाई 2025। शहर के व्यस्ततम स्टेशन पारा ओवरब्रिज पर आज दोपहर करीब एक से दो बजे जागीरदार ट्रेवल्स की एक यात्री बस अचानक रुक जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। जानकारी के अनुसार, बस में डीजल खत्म होने और एयर आ जाने के कारण बस का इंजन बंद हो गया और बस वहीं सड़क पर खड़ी रह गई।

Advertisements

इस कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल बसों और छोटे बच्चों को हुई, जो इस जाम में घंटों फंसे रहे। चिलचिलाती गर्मी और भीड़ के कारण हालात और ज्यादा विकट हो गए। कई अभिभावक खुद अपने बच्चों को लेने के लिए ट्रैफिक में जूझते दिखे।

मौके पर पहुँची यातायात पुलिस ने काफी प्रयास के बाद वाहनों को धीरे-धीरे निकालना शुरू किया, लेकिन तब तक सैकड़ों वाहन फंस चुके थे और शहर का प्रमुख मार्ग लगभग ठप हो गया था।

स्थानीय लोगों ने बस संचालकों की लापरवाही पर नाराज़गी जाहिर की और सवाल उठाया कि इतनी बड़ी बस सेवा संचालित करने के बावजूद डीजल जैसे जरूरी इंतज़ामों में चूक कैसे हो गई?

वहीं दूसरी ओर, यह घटनाक्रम फिर एक बार यह सवाल खड़ा करता है:
“कब तक बनेगा स्टेशनपारा रेलवे अंडरब्रिज?”

रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के बाद से ओवरब्रिज ही एकमात्र विकल्प बन चुका है, जहां अब आए दिन जाम और हादसे हो रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि अंडरब्रिज का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानियों से निजात मिल सके।

Advertisements

You cannot copy content of this page