
राजनांदगांव, 21 अगस्त। सड़क पर बैठे मवेशियों से हो रहे हादसों और यातायात बाधा को रोकने पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन एवं थाना प्रभारी सोमनी उनि0 प्रमोद श्रीवास्तव के नेतृत्व में 20-21 अगस्त की रात विशेष अभियान चलाया गया।

इस अभियान में पशु चिकित्सा विभाग, गौ रक्षा समिति और गौ सेवकों ने सहयोग किया। जी.ई. रोड पर कार्रवाई के दौरान सड़कों पर बैठे मवेशियों के मालिकों की पहचान कर टेक नंबर एनालिसिस किया गया। जांच में दोषी पाए गए मवेशी मालिकों के खिलाफ धारा 291 एवं 3(5) बीएनएस के तहत कानूनी कार्यवाही की गई।
जिन मवेशी मालिकों पर अपराध दर्ज किया गया उनमें शामिल हैं:
- दुर्जन साहू,
- योगेश्वर यादव (दोनों निवासी टेडेसरा),
- चंद्रकांत साहू,
- छगन लाल यादव,
- अस्थिर राम साहू (सभी निवासी अंजोरा)।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई जनसुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है।
राजनांदगांव पुलिस की अपील
सभी मवेशी मालिकों एवं घुमंतू पशुपालकों से अनुरोध है कि अपने मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखें। ऐसा करने से न केवल मवेशियों की सुरक्षा होगी बल्कि नागरिकों की जान-माल की रक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी।









































