
राजनांदगांव। थाना सोमनी क्षेत्र के मनगटा पर्यटन स्थल में पुलिस ने होटल, रिसॉर्ट और गार्डन में कॉम्बिंग गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश की। चोरी, लूट, झपटमारी और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में 25 अगस्त को नगर पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र नायक एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के नेतृत्व में थाना सोमनी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद श्रीवास्तव, तुमड़ीबोड़ प्रभारी निरीक्षक दिलीप पटेल तथा रक्षित केंद्र से निरीक्षक आर्शीवाद रहटगांवकर और निरीक्षक मिलन सिंह ने संयुक्त टीम के साथ मनगटा में चेकिंग की।

इस दौरान होटलों और रिसॉर्ट संचालकों के रजिस्टर चेक किए गए तथा उन्हें पर्यटकों की जानकारी सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने के लिए भी कहा गया। अभियान के दौरान पर्यटकों और वहां ठहरे व्यक्तियों के आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट की जांच की गई।
पुलिस प्रशासन ने कहा है कि संदिग्ध व्यक्ति पाए जाने पर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिले के अन्य संवेदनशील इलाकों में भी इसी तरह कॉम्बिंग गश्त और चेकिंग की कार्रवाई आगे जारी रहेगी।









































