back to top

मोहला : ग्राम सभा में शामिल होकर विलेज विजन प्लान के कार्यों का किया अवलोकन…

आदि कर्मयोगी अभियान: ख्वासफड़की में आयोजित ग्राम सभा में शामिल हुए केंद्रीय जनजातीय मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव श्री मनीष ठाकुर

Advertisements

– जनजातीय लोगों से चर्चा कर ग्राम विकास एवं आवश्यकताओं की ली जानकारी

– आदि सेवा पखवाड़ा के कार्यों का जायजा लेने जिले के एक दिवसीय प्रवास पर पहुंचे केंद्रीय जनजातीय मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव श्री ठाकुर

          मोहला 02 अक्टूबर 2025। केंद्र सरकार द्वारा संचालित आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत जिले में आयोजित आदि सेवा पखवाड़ा का जायजा लेने केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव श्री मनीष ठाकुर आज मोहला-मानपुर-चौकी जिले के एक दिवसीय प्रवास पर पहुँचे।


        इस दौरान उन्होंने विकासखंड मानपुर के ग्राम ख्वासफड़की में आयोजित ग्राम सभा में शामिल हुए एवं विलेज विजन प्लान 2030 के कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने आदि सेवा पखवाड़ा के दौरान ग्रामीणों की सहमति से गांवों में मूलभूत सुविधाओं एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु तैयार की गई विलेज मैप का भी अवलोकन किया।

अतिरिक्त सचिव श्री ठाकुर ने ग्राम ख्वासफड़की आयोजित ग्राम सभा में उपस्थित जनजातीय लोगों से चर्चा कर उनके ग्राम की प्रमुख मांग एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विलेज विजन प्लान 2030 के निर्माण के संबंध में ग्रामीणों एवं जनजातीय लोगों से विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होने कहा कि ग्राम सभा का उद्देश्य सभी मिल बैठकर चर्चा कर समस्याओं का समाधान करना है। इसके साथ ही गांव के विकास के लिए सभी की सहभागिता सुनिश्चित करना हैं।


       अतिरिक्त सचिव श्री मनीष ठाकुर ने जनजातीय ग्रामीणों से उनके कल्याण हेतु संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। गांव में शिक्षा का स्तर, प्रमुख फसल, व्यवसाय, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन कार्ड, विद्युत, रोजगार, वनाधिकार पत्रधारी एवं पेयजल उपलब्धता आदि के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने पोषण माह के संबंध के महिलाओं से चर्चा की। उन्होंने बच्चों को कुपोषण से बचाने हेतु गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को बेहतर आहार लेने हेतु प्रोत्साहित किया। आयोजित ग्राम सभा में जनजातीय लोगों से चर्चा करते हुए उनके मांगों एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान ग्रामीणों ने बेहतर उपचार हेतु उप स्वास्थ्य केंद्रए सीसी रोड, एनीकट, पशु शेड जैसे विभिन्न मांगो को सामने रखा।

जिसे सहमति प्रदान करते हुए ग्राम सभा में सर्वसम्मति से पारित किया गया। मौके पर उन्होंने अटल सुविधा केन्द्र का निरीक्षण किया। साथ ही उपलब्ध सेवाओं की जानकारी लेते हुए हितग्राहियों से चर्चा की। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, एसडीएम मोहला श्री हेमेंद्र भूआर्य, एसडीएम मानपुर श्री अमित नाथ योगी, श्री संजय कुर्रे सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, ट्राईफेड से जिला प्रभारी श्री शांतनु सहारान सहित समस्त विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहें।

– एकलव्य विद्यालय का निरीक्षण कर किया पौध रोपण

अतिरिक्त सचिव श्री मनीष ठाकुर ग्राम ख्वासफड़की स्थित निर्माणाधीन एकलव्य आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कक्ष एवं साइंस लैब का निरीक्षण कर कार्य प्रगति की जानकारी ली। मौके पर उन्होंने विद्यालय में पौधरोपण किया। उन्होंने पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु अधिक से अधिक पौधों का रोपण कर समुचित देखरेख सुनिश्चित करने को कहा।

Advertisements

You cannot copy content of this page