
राजनांदगांव। थाना बसंतपुर पुलिस और सायबर सेल राजनांदगांव की संयुक्त कार्रवाई में एक मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार कर चोरी गई स्कूटी बरामद की गई है। आरोपी ने चोरी के बाद वाहन का नंबर प्लेट निकालकर उसका उपयोग अपने काम में किया था।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अक्टूबर 2025 की सुबह लगभग 7:30 बजे वह अपनी इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर स्कूटी (नेवी ब्लू रंग, नंबर CG/08/AX/6708) को शीतला मंदिर के पास खड़ी कर टहलने गया था। लौटने पर वाहन वहां से गायब मिला। मामले में थाना बसंतपुर में अपराध क्रमांक 516/2025 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू और सायबर सेल प्रभारी विनय परमार के नेतृत्व में जांच की जा रही थी। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रवि महोबे (20 वर्ष) पिता अकाश महोबे, निवासी सोनारपारा, राजनांदगांव चोरी की स्कूटी का नंबर प्लेट हटाकर उपयोग कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी से चोरी गई स्कूटी (CG/08/AX/6708) बरामद की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।









































