राजनांदगांव में तीन दिवसीय नेशनल डांस म्यूजिक और फाइन आर्ट फेस्टिवल का शुभारंभ…

राजनांदगांव। नरातन फाउंडेशन (आकार) और आरोहण संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में तीन दिवसीय ऑल इंडिया नेशनल डांस, म्यूजिक और फाइन आर्ट कंपीटीशन एवं फेस्टिवल का शुभारंभ आज विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया।

Advertisements

कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संगीत, नृत्य और ललित कला को प्रोत्साहन देना और नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित देश और विदेश के कलाकार भाग ले रहे हैं, जो अपनी-अपनी विधाओं में प्रस्तुति देंगे।

फेस्टिवल में शास्त्रीय, लोक, आधुनिक और वेस्टर्न नृत्य, वाद्य और गायन संगीत की विविध विधाएं, तथा फाइन आर्ट प्रतियोगिताएं शामिल हैं। पहले दिन की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसमें नन्हे कलाकारों से लेकर वरिष्ठ कलाकारों तक ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर नरातन फाउंडेशन के संचालक डॉ. चंदन सिंग ने कहा कि हमारा उद्देश्य भारतीय कला, संगीत और संस्कृति को एक वैश्विक मंच देना है। इस आयोजन के माध्यम से हम नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं और कलाओं से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। हमें गर्व है कि देश-विदेश के कलाकार राजनांदगांव जैसे शहर में अपनी प्रतिभा दिखाने आ रहे हैं।

उन्होंने आगे बताया कि तीनों दिनों तक विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिसके समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

फेस्टिवल स्थल पर बड़ी संख्या में कला प्रेमी, विद्यार्थी और नागरिक उपस्थित रहे। तीन दिवसीय यह आयोजन कला, संगीत और सृजनशीलता का एक सुंदर संगम साबित हो रहा है।