
राजनांदगांव। जिले में समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी के दौरान प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य का अवैध धान जब्त किया है। इस मामले में कोचियों से सांठगांठ के आरोप में डोंगरगढ़ के खाद्य निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है, वहीं संबंधित कोचियों की गिरफ्तारी भी की गई है।

कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि 15 नवंबर से जिले में धान खरीदी शुरू होने के बाद से प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कोचियों और राइस मिलर्स की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अवैध धान परिवहन को रोकने के लिए महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश की सीमाओं पर चेक पोस्ट भी लगाए गए हैं।
कलेक्टर के अनुसार अब तक लगभग 25 हजार क्विंटल अवैध धान, जिसकी कीमत करीब 7.50 करोड़ रुपये है, जब्त किया जा चुका है। इस प्रकरण में कोचियों, राइस मिलर्स और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जिले के 96 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी लगातार जारी है और धान की बंपर आवक बनी हुई है। अब तक 37 हजार किसानों ने समर्थन मूल्य पर 455 करोड़ रुपये का धान विक्रय किया है। वहीं उपार्जन केंद्रों से 89 हजार 860 क्विंटल धान का उठाव भी किया जा चुका है।









































