डोंगरगांव: वाटर रिचार्ज सिस्टम पर मिला सम्मान…

पर्यावरण प्रेमी भोज कुमार साहू को नई दिल्ली में ‘जल प्रहरी सम्मान’

Advertisements

केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल व स्वामी चिदानंद सरस्वती ने किया सम्मानित

डोंगरगांव पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डोंगरगांव के पर्यावरण प्रेमी भोज कुमार साहू को गुरुवार को नई दिल्ली में जल शक्ति मंत्रालय द्वारा ‘जल प्रहरी सम्मान–2025’ से सम्मानित किया गया।


यह सम्मान उन्हें केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल एवं स्वामी चिदानंद सरस्वती द्वारा मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र एवं जल प्रहरी पुस्तक भेंट कर प्रदान किया गया।


भोज कुमार साहू वर्तमान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव में रेडियोग्राफर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से न केवल डोंगरगांव बल्कि पूरे जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।

जनसहयोग से तैयार किया वाटर रिचार्ज सिस्टम जल शक्ति मंत्रालय, नीति आयोग, नमामि गंगे मिशन एवं राष्ट्रीय जल मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय समारोह में देशभर से चयनित जल प्रहरी सम्मानित किए गए।


भोज साहू ने जनसहयोग से वाटर रिचार्ज सिस्टम तैयार कराया, जो अब अन्य संस्थानों और क्षेत्रों के लिए प्रेरणादायी मॉडल बन चुका है।

जल–वायु संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियानबढ़ते जल संकट और वायु प्रदूषण को देखते हुए भोज साहू ने रायपुर, भोपाल और नागपुर जैसे शहरों में मास्क पहनकर और हाथ में पौधा लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाया।

अब तक लगाए 7 हजार से अधिक पौधे लगाएभोज साहू वर्ष 2010 से अब तक 7 हजार से अधिक पौधे रोपित कर चुके हैं। वे विवाह, नामकरण संस्कार जैसे आयोजनों में उपहार के साथ पौधा देना अनिवार्य मानते हैं और उसे रोपने व संरक्षण का संकल्प भी दिलाते हैं।
विशेष बात यह है कि अपने बेटे की उम्र के अनुसार हर वर्ष उतने पौधे रोपने की परंपरा भी वे निभा रहे हैं।

पेड़ों से लिपटकर करते हैं कटाई का विरोधयदि कहीं बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई की सूचना मिलती है, तो भोज साहू अपने साथियों के साथ पेड़ों से लिपटकर विरोध प्रदर्शन करते हैं। कई स्थानों पर उनके प्रयासों से पेड़ों की कटाई रुकवाई गई है।
इन्हीं प्रयासों के चलते जिला प्रशासन द्वारा उन्हें पूर्व में भी कई बार सम्मानित किया जा चुका है।