
राजनांदगांव जिले के थाना सोमनी पुलिस ने किसानों के खेतों से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त स्कूटी और केबल तार भी जब्त किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सोमनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खुटेरी एवं ग्राम ईरा में 9 दिसंबर से 12 दिसंबर 2025 के बीच अज्ञात चोरों द्वारा 15 किसानों के खेतों से सबमर्सिबल पंप, सोलर झटका मशीन, पानी मोटर तथा करीब 2 हजार मीटर केबल तार चोरी कर लिया गया था। किसानों की शिकायत पर थाना सोमनी में प्रकरण दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन (भा.पु.से.) के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव द्वारा एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और साइबर सेल के तकनीकी सहयोग से संदेही तीरथ कुमार साहू पिता स्व. सागर साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 32 बैगापारा के पास लखोली, थाना कोतवाली, राजनांदगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी दुर्लभ देवार, अन्य सहयोगियों एवं नाबालिगों के साथ मिलकर ग्राम खुटेरी एवं ईरा खार क्षेत्र में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 2 नग स्कूटी तथा चोरी का लगभग 100 फीट केबल तार जब्त किया है। आरोपी तीरथ कुमार साहू एवं एक नाबालिग के विरुद्ध विधिवत कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव, उप निरीक्षक बलदाउ चंद्राकर, सहायक उप निरीक्षक राजू मेश्राम, प्रधान आरक्षक चंद्रभूषण सिन्हा सहित डूलेश्वर साहू, भूपेंद्र कोंचे, आरक्षक लीलाराम साहू, तुषार मरकाम, दिनेश वर्मा, विनोद महिलांगे, मनोज ठाकुर, लवण तारम एवं थाना सोमनी स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।









































