
तेज रफ्तार में बाइक चलाकर बजा रहे थे तेज हॉर्न, समझाइश देने पर मारपीट पर उतारू हुए
राजनांदगांव। क्वांर नवरात्रि मेले के दौरान मां बम्लेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए डोंगरगढ़ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।
तेज रफ्तार में मोटरसाइकिल चलाकर और तेज हॉर्न बजाकर श्रद्धालुओं को परेशान करने तथा समझाइश देने पर विवाद करने वाले तीन युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए निगरानी की जा रही थी।
इसी दौरान नुकेश यादव (22), आकाश ठाकुर (19) और हरपीत पटेल निवासी ग्राम आरी एवं झिटिया, थाना डोंगरगांव, एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए तेज हॉर्न बजा रहे थे। इससे मंदिर में दर्शन करने पहुंच रहे श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही थी।
श्रद्धालुओं द्वारा मना करने पर तीनों युवक विवाद करने लगे। मंदिर परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने उन्हें समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन वे आक्रोशित होकर मारपीट पर उतारू हो गए। इससे मौके पर शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका उत्पन्न हो गई।
स्थिति को देखते हुए डोंगरगढ़ पुलिस ने तीनों युवकों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में की गई।
थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल एवं रामेश्वर प्रसाद देशमुख के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
डोंगरगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थलों पर शांति एवं अनुशासन बनाए रखने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नवरात्रि मेले के दौरान अव्यवस्था फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।










































