
तुमड़ीबोड़ पुलिस की कार्रवाई, एसडीएम न्यायालय में पेश करने के बाद दोनों को भेजा गया जेल
राजनांदगांव। जिले के ग्राम मलईडबरी बाजार चौक में गलत दिशा से मोटरसाइकिल चलाने पर रोकने और समझाइश देने के बावजूद पुलिस एवं ग्रामीणों से विवाद करने वाले दो युवकों के खिलाफ तुमड़ीबोड़ पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर की शाम बाजार प्रबंधन और पेट्रोलिंग के दौरान ग्राम मलईडबरी बाजार चौक के पास खिलावन उईके उर्फ पप्पू (22) और अजय कुमार टेम्बुलकर (24), निवासी मलईडबरी, मोटरसाइकिल से गलत दिशा में आते मिले। पुलिस ने उन्हें रोककर यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। इस दौरान दोनों युवक पुलिसकर्मियों और मौके पर मौजूद ग्रामीणों से विवाद करने लगे। समझाने के बाद भी उनके नहीं मानने पर मौके पर लोक शांति भंग होने और संज्ञेय अपराध घटित होने की आशंका बनी।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद उन्हें एसडीएम न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक धनीराम नारंगे, सहायक उप निरीक्षक चुन्नीलाल साहू, आरक्षक देवानंद परतेती, संजय यारदा सहित तुमड़ीबोड़ पुलिस चौकी के स्टाफ का योगदान रहा।
पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस द्वारा दी जाने वाली समझाइश का सहयोग करने की अपील की है। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और लोक शांति बनाए रखने के लिए कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।











































