
राजनांदगांव,डोंगरगढ़ |डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में शादी का प्रलोभन देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से डोंगरगढ़ पुलिस द्वारा लगातार की जा रही मुहिम का हिस्सा है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने दिनांक 22 दिसंबर 2025 को थाना डोंगरगढ़ में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी नीरज देवांगन, निवासी मोतीपुर नवागांव से उसकी जान-पहचान वर्ष 2019 से थी और दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती थी। वर्ष 2019 से 7 दिसंबर 2025 के बीच आरोपी ने शादी का झांसा देकर डोंगरगढ़ स्थित एक लॉज में जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना डोंगरगढ़ में अपराध क्रमांक 612/2025 के तहत धारा 69 बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने एवं पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक संतोष जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक मुजिब रहमान कुरैशी, आरक्षक हरदयाल कंवर, चितेश गात्रे एवं अजय कुमार की भूमिका सराहनीय रही।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।









































