राजनांदगांव: नशे में हंगामा करने वाले दो आरोपियों पर बागनदी पुलिस की प्रतिबंधात्मक कार्यवाही…

राजनांदगांव। थाना बागनदी पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करते हुए दो अनावेदकों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल देव शर्मा और एसडीओपी डोंगरगढ़ आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में जिले में शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी बागनदी निरीक्षक ढाल सिंह साहू के नेतृत्व में यह कार्यवाही की गई।

Advertisements


दिनांक 30 दिसंबर 2025 को सूचना मिली कि चुन्नू राम साहू (33 वर्ष), निवासी ग्राम जगमड़वा, थाना गंडई, बागनदी बस स्टैंड के पास नशे की हालत में राहगीरों से विवाद कर रहा है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने उसे नशे की हालत में लोगों को परेशान करते हुए पाया। इसी दौरान दावेंद्र कंवर (28 वर्ष), निवासी ग्राम चारभाठा, थाना बागनदी भी नशे की स्थिति में अपने परिजनों से झगड़ा करता मिला।


पुलिस द्वारा दोनों अनावेदकों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे और अधिक उग्र होकर पुलिस से विवाद करने एवं मारपीट पर उतारू हो गए। किसी संज्ञेय अपराध की संभावना को देखते हुए पुलिस ने दोनों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की।
गिरफ्तार दोनों अनावेदकों को माननीय अनुविभागीय दंडाधिकारी, डोंगरगढ़ के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें जेल भेज दिया गया।


इस कार्यवाही में निरीक्षक ढाल सिंह साहू, सहायक उप निरीक्षक भागवत धुर्वे, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, कंवर चंद्रवंशी, दुष्यंत राणा एवं भूपेंद्र तुमरेकी शामिल रहे।
थाना बागनदी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त एवं निरंतर कार्यवाही जारी रहेगी।