राजनांदगांव: एसआईआर में गड़बड़ियों को लेकर शहर अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार व ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यकांत जैन से मिले शास्त्री…

राजनांदगांव। वार्ड क्रमांक 42 में एसआईआर के तहत मतदाता सूची में की गई बूथ पुनर्रचना में अनियमितताएं सामने आई हैं। पूर्व पार्षद एवं युवा नेता ऋषि शास्त्री ने बूथ ऑब्जर्वर से मुलाकात कर तीन बूथों की नई और पुरानी मतदाता सूची का निरीक्षण किया।

Advertisements


निरीक्षण में पाया गया कि पहले जहां दो बूथ थे, उन्हें मांग के अनुसार तीन भागों में बांटा गया, लेकिन इसमें संतुलन नहीं रखा गया। तीन में से दो बूथों में मतदाताओं की संख्या अत्यधिक दर्ज की गई है, जबकि नए बनाए गए बूथ में अन्य दोनों की तुलना में लगभग आधी जनसंख्या दर्शाई गई है।


नई मतदाता सूचियों में नाम हस्तांतरण की भी गड़बड़ियां मिली हैं। कई मामलों में एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग अनुभागों में दर्ज पाए गए। इसके अलावा कुछ मतदाताओं के नाम दूसरे वार्डों में जोड़ दिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
शास्त्री ने बताया कि संबंधित मतदाताओं को इसकी जानकारी देकर संशोधन कराने को कहा गया है।

साथ ही नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए आगामी दिनों में डोर-टू-डोर लिस्टिंग की जाएगी। इन सभी विषयों की जानकारी कांग्रेस शहर अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार और ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यकांत जैन को दी गई है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के साथ मिलकर निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर आवश्यक सुधार की मांग की जाएगी।